झींझक (कानपुर देहात)। कंचौसी-झींझक रोड पर वैन की टक्कर से शाहपुर गांव के बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में पुत्र को रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय छात्र ने दम तोड़ दिया। वह कक्षा-11 का छात्र था। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
शाहपुर गांव के जितेंद्र सिंह कक्षा-11 कक्षा में पढ़ने वाले बेटे गौरव (16) के साथ बाइक से झींझक में गैस सिलिंडर रखकर वापस गांव जा रहे थे। तभी टेलीफोन एक्सचेंज के पास दूसरी तरफ से आ रही वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को झींझक सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत में छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय छात्र की मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। झींझक चौकी प्रभारी आनंद शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद