भीतरगांव (कानपुर)। थाना साढ़ के पर्वतखेड़ा गांव में रेलवे के मैकेनिकल इंजीनियर के घर धावा बोलकर चोरों ने जेवर-नगदी समेत करीब छह लाख रुपये का माल पार कर दिया। चोर मकान की छत के रास्ते से अंदर दाखिल हुए।
पर्वतखेड़ा गांव निवासी विनय यादव आगरा में रेलवे में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। लॉकडाउन के चलते वह परिवार के साथ गांव में हैं। गुरुवार रात विनय मकान की छत पर जबकि, उसकी पत्नी-बच्चे और वृद्ध मां कमरे में सोए थे। चोर देररात पड़ोसी की सीढ़ी से चढ़कर विनय की छत पर पहुंचे। कमरों के ताले तोड़ने के बाद अलमारी में रखे 25 हजार रुपये नगद के अलावा विनय की पत्नी और मां केे जेवरात जिनमें सोने की 4 जंजीरें, 5 अंगूठी, चांदी की कमर पेटी और तीन जोड़ी पायल के अलावा कपड़ों से भरा एक बक्सा उठा ले गए। बताया कि चोर करीब छह लाख रुपये का सामान ले गए हैं।
शुक्रवार सुबह कमरे में बिखरा पड़ा सामान और खुली अलमारी देखकर चोरी होने की जानकारी हुई। घर से चोरी गया बक्सा गांव के बाहर पड़ा मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। डाग स्क्वायड को भी बुलाया गया। साढ़ थानाध्यक्ष देवेंद्र रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।