कानपुर। आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) की ईडब्ल्यूएस योजना के नौवें बैच में इस बार एक बड़ा बदलाव किया गया है। पहली बार क्रिकेट को योजना में शामिल किया गया है।
शुक्रवार को टीएसएच परिसर में आयोजित समन्वय समिति की बैठक में आगामी सत्र की चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रम और खेलवार सीटों को अंतिम मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त नगर आयुक्त-द्वितीय जगदीश यादव ने की। समिति ने तय किया कि वर्तमान आठवें बैच का प्रशिक्षण पांच जुलाई को समाप्त होग। नौवें बैच की शुरुआत छह जुलाई से की जाएगी। आवेदन पत्रों का वितरण 15 जून से शुरू होगा और 26 जून तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। चयन ट्रायल एक जुलाई से आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष योजना के तहत कुल 304 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इनमें बैडमिंटन के 30, बास्केटबॉल के 40, क्रिकेट के 44, जूडो के 40, कराटे के 40, कबड्डी के 20, शूटिंग के 10, स्वीमिंग के 10, टेबल टेनिस के 30 और ताइक्वांडो के 40 के खिलाड़ी शामिल होंगे। क्रिकेट में कुल 44 खिलाड़ियों का चयन दो आयु वर्गों में किया जाएगा। पहले वर्ग में आठ से 14 वर्ष और दूसरे वर्ग में 15 से 18 वर्ष तक के खिलाड़ी शामिल होंगे। दोनों वर्गों से 22-22 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण का मौका मिलेगा।