कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के चेयरमैन प्रो. योगेश सिंह होंगे। इस दौरान राज्यपाल विवि में बनने वाले 250 बेड के अस्पताल का शिलान्यास भी करेंगी। दीक्षांत नौ जुलाई को है।
शिक्षा व विधि संकाय के अलावा अन्य सभी पाठ्यक्रम का रिजल्ट जारी करने के साथ पदक की सूची जारी कर दी है। शिक्षा व विधि संकाय के मेधावियों की पदक सूची जारी होते ही कुलाधिपति स्वर्ण पदक और दो कुलाधिपति रजत पदक प्राप्त करने वाले मेधावी का नाम तय होगा। विवि के 41वें दीक्षांत में राज्यपाल सिर्फ 25 मेधावियों को ही मंच से पदक देकर सम्मानित करेंगी। मां-बेटी सम्मेलन का आयोजन होगा। राज्यपाल छात्राओं की मां को उनकी ब्लड रिपोर्ट देंगी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगी।
उत्कृष्ट शैक्षणिक व रिसर्च कार्य करने वाले शिक्षक और स्टार्टअप के क्षेत्र में काम करने वाले पांच युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न गांव में विवि की ओर से होने वाली प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी दीक्षांत के मंच से सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल विवि की औषधीय वाटिका में बन रही आयुर्वेद में शल्य चिकित्सा के जनक सुश्रुत व उनके शिष्यों की मूर्तियों का भी शुभारंभ करेंगी।