कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की कोविड लैब में कोरोना संदिग्ध रोगियों के सैंपलों का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। यहां रोज तीन-चार सौ नए सैंपल भेजे जाते हैं, इससे इनकी पेंडेंसी खत्म नहीं हो रही है। ऐसे में कोरोना जांच रिपोर्ट आने में कई दिन लग रहे हैं।
11 मई को अजीतगंज के व्यक्ति के लिए गए सैंपल की रिपोर्ट 16 मई को जारी हुई। उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई है। कोविड लैब से रिपोर्ट देर में आने पर संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। कोरोना संदिग्धों को क्वॉरंटीन हाउस में रखकर सैंपल लिए जा रहे हैं। इन संदिग्धों में कुछ लोग ही संक्रमित होते हैं, बाकी को शक के आधार पर रखा जाता है।
अगर रिपोर्ट देर से आएगी तो जो संक्रमित नहीं हैं, वे भी संक्रमित हो सकते हैं। शुक्रवार को मंडलायुक्त की बैठक में लैब में 1170 सैंपल लंबित होने की बात कही गई थी। शनिवार शाम तक कुल 258 सैंपल की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिल सकी। बाकी 912 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।