प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद रेलवे ने भी ट्रेनों का संचालन 14 अप्रैल तक बंद कर दिया है। टिकटघर बंद होने से एडवांस बुकिंग भी नहीं करा सकेंगे। अभी तक ट्रेनों को 31 मार्च तक और आरक्षित टिकट काउंटर 25 मार्च तक बंद थे। हालांकि मालगाड़ियों का संचालन पहले की तरह ही होता रहेगा।
मालगाड़ी से भाड़ा बुक कराने के नियमों में छूट
जिस तरह से ट्रेनों के आरक्षित टिकटों को निरस्त कराने के लिए तीन महीने की छूट दी गई है। उसी तरह मालगाड़ियों से माल की बुकिंग कराने और वैगन बुक कराने के नियम व शर्तों में ढील दी गई है। ताकि व्यापारी वर्ग जल्दबाजी न करे और कोरोना संक्रमण से बचते हुए अपने काम पूरा करे।
इसके तहत अगर कोई कन्साइनी रेलवे रसीद या क्षति पूर्ति बांड प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो भी वह अपना माल प्राप्त कर सकता है। खाली कंटेनरों की आवाजाही पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। 20 मार्च से 30 अप्रैल के बीच वैगन की आवाजाही के लिए भी कोई शुल्क नहीं लगाया जाएगा। मालगाड़ी में भाड़ा उतराने और चढ़ाने में मिलने वाले फ्री टाइम को दोगुना करने, विलंब शुल्क की दर को आधा कर दिया गया है।
ट्रेनों का निरस्तीकरण और टिकटों की बुकिंग की रोक 14 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। इसीलिए टिकटों के निरस्तीकरण में ढील दी गई है। भाड़ा बुक कराने वाले व्यापारी वर्ग को भी छूट दी गई है। - सुनील कुमार गुप्ता, पीआरओ, प्रयागराज रेल मंडल