तीन रोडवेज कर्मियों सहित 35 कोरोना पॉजिटिव
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले में परिवहन विभाग के दो बस चालक व महिला परिचालक सहित 35 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। संक्रमितों में शहर के एक मोबाइल विक्रेता, दो बैंक कर्मी व हॉटस्पॉट क्षेत्र में सर्वे करने वाली एक आशा कार्यकर्ता भी शामिल है। इसमें ट्रूनेट से आई दस लोगों की रिपोर्ट शामिल है।
ये सभी शहर के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं। सभी को औरास व सोहरामऊ के एल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ पीजीआई से शनिवार को आई रिपोर्ट में शहर के मोहल्ला अब्बासबाग निवासी मोबाइल विक्रेता पिता-पुत्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मोबाइल विक्रेता के कार चालक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दोनों ने जांच कराई थी।
वहीं, शहर के मोहल्ला नरेंद्रनगर में पांच साल की बच्ची समेत एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शुक्लागंज के आर्य नगर निवासी 45 वर्षीय युवक, शहर की कांशीराम कॉलोनी में हुई पूल सैंपलिंग में 30 साल की महिला व 35 साल का युवक, सदर कोतवाली के रुस्तमपुर गांव में हुई पूल सैंपलिंग की रिपोर्ट में 11 वर्षीय बच्ची व 5 साल के बच्चे में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
दही चौकी में चार दिन पहले कोरोना संक्रमित मिले अधेड़ की पत्नी व तीन बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शहर के मोहल्ला जेरधुस में एक महिला व उसके तीन बच्चों में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमितों के संपर्क में आने के बाद महिला व उसके बच्चों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।