कानपुर में कोरोना का एक केस और बढ़ा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में कोरोना से दो और की मौत हो गई। बर्रा के रहने वाले कोरोना संक्रमित विजय कुमार (60) ने रविवार सुबह 9:30 बजे हैलट के न्यूरो साइंसेज कोविड अस्पताल के वेंटिलेटर पर दम तोड़ दिया। वहीं 21 मई को मरने वाली मीरपुर कैंट निवासी रजिया बेगम (55) की रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई।
इस तरह शहर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 11 पहुंच गई। वहीं कुल संक्रमित 328 हो गए हैं। जीएसवीएम मेडिकल कालेज के माइक्रो बायोलॉजी विभाग की कोविड लैब ने रविवार को रजिया बेगम की पॉजिटिव रिपोर्ट जारी की। रजिया बेगम हैलट में 21 मई को भर्ती हुईं थीं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी।
वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन उसी दिन मौत हो गई। रजिया बेगम में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पैर फूल गए हैं। क्योंकि हैलट आने से पहले उनका एक क्षेत्रीय डॉक्टर के यहां, कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट और चमनगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज हुआ था।
इससे संक्रमण की लंबी चेन बनने की आशंका है। वहीं नई बस्ती, बर्रा के रहने वाले विजय कुमार हैलट में 20 मई को भर्ती हुए थे। अगले दिन उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वे पहले रोगी हैं जिन्हें न्यूमोनाइटिस के अलावा कोई दूसरी जटिल बीमारी नहीं थी। उन्हें खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने पर भर्ती किया गया था। इसके अलावा वे दूसरे ऐसे रोगी हैं, जिनकी मौत संक्रमण की पुष्टि के बाद हुई। इसके पहले बेगमपुरवा की एक वृद्धा की मौत रिपोर्ट आने के बाद हुई थी।