संक्रमितों की लगातार संख्या मिलने से कोरोना लहर की आशंका भी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को कोरोना के पांच संक्रमित और मिले हैं। इनमें दो संक्रमित आईआईटी, दो सर्वोदय नगर और एक बिल्हौर का रहने वाला है। संक्रमितों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है।
संक्रमितों के हिस्ट्री पता की जा रही है। कोरोना के तीन संक्रमित बुधवार को मिले थे। शहर में कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। तीन महीने के बाद कोरोना एक्टिव केस की संख्या दहाई पर पहुंची है। एक महीने के अंदर शहर के आठ इलाकों में कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संदिग्ध 3549 लोगों की सैंपलिंग की है। सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए टीमें बढ़ा दी गई हैं। जो कोरोना पॉजीटिव निकल रहे हैं, उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जा रही है।
घर जाएंगी टीमें
जिला सर्वेलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुबोध प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को रैपिड रिस्पांस टीमों को उनके घर भेजा जाएगा। इसके साथ ही गुरुवार रात में स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह और अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तीसरी लहर के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की तथा निजी और सरकारी अस्पतालों का ब्यौरा लिया। अभी तक नगर में 82,959 कोरोना संक्रमित मिल चुके है। 1905 कोरोना रोगियों की मौत हुई है।