मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कानपुर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताई। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अफसरों को संक्रमण रोकने के लिए हर संभव उपाय अपनाने को कहा। साथ ही इस बात पर नाराजगी जताई कि जिले में कोविड गाइड लाइन का बेहतर तरीके से पालन नहीं रहा है।
मास्क लगाने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के इंतजाम नाकाफी हैं। पब्लिक एड्रेस सिस्टम अभी तक चालू नहीं किए गए हैं। जागरूकता के स्तर पर कार्ययोजना सफल नहीं दिख रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से कहाकि यदि एक दिन में सौ से ज्यादा केस आ रहे हैं तो वे रात्रि कर्फ्यू लगाने पर विचार कर सकते हैं।
इसके बाद देर रात जिलाधिकारी ने रात्रि कालीन कर्फ्यू की घोषणा कर दी। दरअसल कानपुर में बीते सात दिनों से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौतों में भी इजाफा हुआ है। उधर, हाईकोर्ट ने भी संक्रमण बढ़ने वाले जिलों में रात्रि कर्फ्यू पर विचार करने के लिए प्रदेश सरकार से कहा था। वीडियो कांफ्रेंसिंग में कमिश्नर डा. राज शेखर, डीएम आलोक तिवारी, सीएमओ अनिल कुमार पांडेय, मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल आदि मौजूद रहे।