कानपुर आईआईटी में काम करने वाला 25 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। उसका आवास भी आईआईटी में ही है। वैरिएंट की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग करा रहा है। बताया जा रहा कि हाल में उसके माता-पिता ओमिक्रॉन प्रभावित चेन्नई से उससे मिलने आए थे।
उनके जाने के बाद युवक में कोरोना के लक्षण उभर आए। निजी लैब में पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग उसके माता-पिता की हिस्ट्री भी ले रहा है। आशंका है कि युवक को संक्रमण उसके माता-पिता से मिला है। युवक के बाहर जाने की कोई हिस्ट्री नहीं है।
युवक की रिपोर्ट आने के बाद कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। पता किया जा रहा है कि लक्षण उभरने के बाद वह कितने रोगियों से मिला है। नगर में कोरोना एक्टिव केस चार हो गए हैं। वहीं डेंगू और जीका का एक भी रोगी नहीं मिला। डेढ़ महीने बाद डेंगू का भी कोई पॉजिटिव नहीं मिला।
इस वक्त डेंगू के 11 एक्टिव केस हैं। अब तक डेंगू के कुल 663 संक्रमित मिले हैं। कुल 142 संक्रमितों में 140 निगेटिव हो गए हैं। कोरोना के अब तक नगर में 82944 संक्रमित मिले हैं। इनमें 81035 ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शनिवार को कोरोना संदिग्ध 3419 लोगों की सैंपलिंग की है।