जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी रज्जन पाल को कोविड वैक्सीन का दूसरा डोज लगाती एएनएम संगीता।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल सहित तीन केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई है। 250 के सापेक्ष 231 ने टीकाकरण कराया। वहीं, अन्य 15 बूथों पर 1771 के सापेक्ष 802 ने ही वैक्सीनेशन कराया। एडी स्वास्थ्य डॉ. एमके मिश्रा ने जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां सब कुछ ठीक मिला।
सोमवार को जिले के 250 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी जानी थी। दूसरी डोज जिला अस्पताल, पुखरायां व झींझक में दी गई। तीन बूथों पर 231 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीकाकरण कराया। जबकि 19 कर्मी बूथ पर नहीं पहुंचे। इसके अलावा जिले के 15 बूथों पर स्वास्थ्य, पुलिस व राजस्व कर्मियों का टीकाकरण किया गया। यहां 1771 के सापेक्ष 802 ने टीकाकरण कराया।
शिवली अस्पताल में सबसे कम 125 में 34 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। यही हाल सरवनखेड़ा का रहा। वहां 90 के सापेक्ष 30 ने ही कोरोना की डोज लगवाई। हवासपुर संदलपुर में सबसे ज्यादा टीकाकरण हुआ। 123 के सापेक्ष 108 लोगों ने टीकाकरण कराया। कोविड के नोडल अफसरों ने अलग-अलग बूथों पर जाकर टीकाकरण का निरीक्षण किया। वहीं, एडी स्वास्थ्य डॉ. एमके मिश्रा ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन बूथ का भी जायजा लिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा ने हवासपुर सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए। नोडल अफसर डॉ. एमके जतारया ने बताया कि जिले में 51.1 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है। 2021 के सापेक्ष 1033 ने कोरोना वैक्सीन की डोज लगवाई है।