कोरोना संक्रमण का फैलाव जारी है। गुरुवार को 564 नए संक्रमित मिले हैं। एक्टिव केस 3152 पहुंच गए। संक्रमितों में एक साल के बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी स्वास्थ्य विभाग के सैंपलों की रिपोर्ट के आधार पर आकलन किया जा रहा है।
बहुत से लोग जांच नहीं करा रहे हैं और कुछ लोग घर में ही किट से जांच कर ले रहे हैं। घरों में किट से पॉजिटिव आने वालों का आंकड़ा सीएमओ की रिपोर्ट में शामिल नहीं होता है। इसके साथ ही इस बार लोगों में कोरोना का डर दूसरी लहर की तुलना में कम है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अभी पीक नहीं आई है। जनवरी के अंत तक पीक आ सकती है। बुधवार को 7883 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें 564 पॉजिटिव आए हैं। नेशनल कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजीशियन के नॉर्थ जोन चेयरमैन डॉ. एसके कटियार का कहना है कि बहुत से लोग जांच नहीं करा रहे।
ऐसे भी लोग हैं जो किट से पॉजिटिव आने के बाद अपने डॉक्टर से इलाज करा ले रहे हैं। कम्युनिटी में अधिकतम लोगों के संक्रमित होने के बाद संक्रमण घट जाएगा। स्थिति से अभी पीक नहीं लगती, लेकिन पीक के आसपास जरूर हो सकते हैं।
वहीं पूर्व महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा और पीडियाट्रिक कोवाक्सिन ट्रायल के चीफ इन्वेस्टीगेटर डॉ. वीएन त्रिपाठी का कहना है कि पूरी तरह लोगों की जांच नहीं हो पा रही है। पीक के नजदीक पहुंच रहे हैं। 15 फरवरी तक संक्रमण के थमने का आकलन है। नगर में अब तक कोरोना के कुल संक्रमित 88105 हैं।
इनमें 83045 ठीक हो गए हैं। गुरुवार को 513 संक्रमितों ने कोरोना से जंग जीत ली। तीन रोगी हैलट से डिस्चार्ज हुए और 510 होम आइसोलेशन में ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 7506 कोरोना संदिग्धों की सैंपलिंग की है।