कानपुर। तीन साल की बच्ची और 80 साल के बुजुर्ग ने कोरोना को पटकनी दे दी। रविवार को 31 कोरोना संक्रमित संक्रमण मुक्त होकर अपने घर गए। सभी की दूसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। इसके साथ ही कोरोना का रिकवरी रेट उछल कर 76.90 फीसदी पर आ गया है।
एक सप्ताह से कोरोना के रिकवरी रेट में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। शनिवार को 20 संक्रमितों के डिस्चार्ज होने पर रिकवरी रेट 67.74 फीसदी पर आ गया था। रविवार को ईएसआई हॉस्पिटल से 16 और कांशीराम से तीन रोगी डिस्चार्ज हुए। इनमें सिपाही की एक तीन साल की बच्ची भी है। हैलट के कोविड अस्पताल से 12 लोग डिस्चार्ज किए गए। ज्यादातर हॉटस्पॉट के रहने वाले हैं। वहीं अब तक 243 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। केवल 65 रोगी अभी एक्टिव हैं। इनमें से 20 संक्रमितों की दूसरी रिपोर्ट आने वाली है।