कानपुर। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर शहर में हॉट स्पॉट की संख्या बढ़ा गई है। जाजमऊ में अशरफाबाद मदरसा और सिविल लाइंस में डीएस टॉवर अपार्टमेंट और उसके आसपास का एक किलोमीटर का एरिया सील कर दिया गया है। हॉट स्पॉट में दो नए स्पॉट जुड़ गए हैं। शहर में अब कुल 16 हॉटस्पॉट हो गए हैं।
कर्नलगंज के कोरोना पीड़ित की मौत के बाद उसके परिजनों व रिश्तेदारों को क्वारंटीन किया गया था। तीन दिन पहले पुलिस ने जाजमऊ के तीन, कुलीबाजार और पटकापुर के एक-एक मदरसे के बच्चों की स्क्रीनिंग करवाकर संदिग्धों के सैंपल भिजवाए थे। रविवार को जब रिपोर्ट आई तो पता चला कि कर्नलगंज के कोरोना मरीज की डीएस टॉवर सिविल लाइंस निवासी भांजी भी कोरोना संक्रमित है। वहीं जाजमऊ के अशरफाबाद मदरसे के छह छात्रों में भी कोरोना की पुष्टि हुई। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि मदरसे और डीएस टॉवर को सील कर दिया गया है। इसके आसपास का एरिया हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है। पता किया जा रहा है कि इन कोरोना संक्रमित लोगों से कौन-कौन लोग संपर्क में आए, उन सभी को क्वारंटीन करवाकर जांच कराई जाएगी। देर रात तक सैनिटाइजेशन का काम जारी रहा।