स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंगहोम खोलने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को इसके लिए सीएमओ कार्यालय के मीटिंग हॉल में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ नर्सिंगहोम के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ट्रेनिंग शुरू की गई। चार मई तक सभी नर्सिंगहोम के एक-एक डॉक्टर और एक या दो-दो पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण देने की तैयारी है। इस बीच शासन से नर्सिंगहोम संचालन के संबंध में नए दिशा-निर्देश आने की संभावना है। ऐसा होते ही पांच मई से सभी नर्सिंगहोम का संचालन शुरू हो जाएगा।
कोरोना के चलते मार्च के अंतिम सप्ताह से ही नर्सिंगहोम का संचालन पूरी तरह से प्रभावित है। इनमें न तो मरीजों को भर्ती किया जा रहा है और न ही ओपीडी चल रही हैं। इसी बीच कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती होने से अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल सील हो गया। फॉर्च्यून सहित दो अन्य नर्सिंगहोम को भी सील करने की नौबत आ गई।
एसीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी उपायों के साथ नर्सिंगहोम संचालन के लिए रामादेवी स्थित सीएमओ कार्यालय में प्रशिक्षण शुरू हो गया है। इसमें डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. नित्यानंद ठाकुर प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के लिए सभी नर्सिंगहोम को एसोसिएशन के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर मास्टर ट्रेनर बनने वाले डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ अपने-अपने नर्सिंगहोम में दूसरे डॉक्टरों व कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे।