कानपुर। तब्लीगी जमात के लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अब तक जमात सेे जुड़े शहर के छह सौ लोगों की जांच हो चुकी है। इन्हें घर में ही क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई है। जिन इलाकों में तब्लीगी जमात ठहरी थी, वहां की 13 मस्जिदों के पेश इमामों और दूसरे लोगों की भी जांच हुई है। इनमें से किसी में बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं। शहर काजी हाफिज अब्दुल कुद्दूस हादी ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे न तो खुद छिपें और न ही मर्ज छिपाएं। तत्काल जाकर जांच करा लें और एहतियात बरतें।
शहर के विभिन्न रेड जोन वाले क्षेत्रों में जमात से जुड़े और इनके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। कुछ लोग अब भी घरों में छिपे हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीम से जांच नहीं करा रहे। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 19 लोगों की जांच कराकर इनके सैंपल लिए। इन्हें नारायणा रिसर्च हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। रविवार को भी लोगों से जांच कराने के लिए कहा गया। शहर काजी ने कहा कि अब तक जितने संदेह के घेरे में आए हैं, प्रशासन ने सभी की जांच करा दी है। इसके अलावा लगातार लोगों से अपील की जा रही है जुकाम, बुखार, खांसी, सांस फूलने सरीखे लक्षणों पर तुरंत जांच कराएं।