कानपुर में कोरोना का हमला धीरे-धीरे तेज हो रहा है। शनिवार को 41 नए संक्रमित मिले हैं। ढाई महीने बाद एक्टिव केस दो सौ के पार (218) पहुंच गए हैं। नए संक्रमितों में 15 आईआईटी के हैं। कोरोना का संक्रमण इस वक्त शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी फैल रहा है। जिला जेल के तीन कैदियों में भी कोरोना का संक्रमण मिला है।
कोरोना के नए संक्रमित आईआईटी के अलावा निबियाखेड़ा, इटारा, घाटमपुर, जिला जेल, सर्किट हाउस, विनायकपुर, केशवनगर, मसवानपुर, लालकुर्ती, शारदानगर, रहमतनगर, नारामऊ, कल्याणपुर, छपेड़ा पुलिया, चौबेपुर, गुजैनी, अंबेडकरपुरम, कैंट में मिले हैं। इसके अलावा पुखरायां के रोगी को कोरोना की पुष्टि हुई है। अब तक नगर में कुल कोरोना संक्रमित 94259 मिले हैं। इनमें 92118 रोगी इलाज से ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 2567 कोरोना संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग की है।
मंकीपॉक्स प्रभावित देशों से लौटे 41 यात्री
मंकीपॉक्स प्रभावित देशों से 41 यात्री और लौटे हैं। केंद्र ने स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को सूची भेजी। स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमों ने लोगों से संपर्क किया। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश ने बताया कि इन लोगों की मॉनीटरिंग की जा रही है। किसी में लक्षण नहीं हैं और न ही किसी की सैंपलिंग की गई है।