कानपुर हैलट के कोविड अस्पताल में आईसीयू के 130 बेड चालू हो गए हैं। बाकी 20 बेड एक सप्ताह में तैयार जाएंगे। हैलट प्रबंधन ने आईसीयू के बढ़े बेडों के अनुपात में विशेषज्ञों व स्टाफ की कमी में सामंजस्य बैठाने के लिए सभी वेंटिलेटर एक छत के नीचे कर दिए हैं।
जबकि मैटरनिटी विंग की आईसीयू यूनिट में वेंटिलेटर हटाकर वहां हाई फ्लो नेजल कैनुला लगाए गए हैं। हैलट की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रिचा गिरि ने कहा कि सभी गंभीर मरीज न्यूरो साइंसेज कोविड अस्पताल में रहते हैं। इसी वजह से वेंटिलेटर की व्यवस्था एक जगह कर दी गई है।
विशेषज्ञ और पैरा मेडिकल स्टाफ अलग-अलग बंटने से प्रबंधन में दिक्कत आती है। मैटरनिटी विंग में 14 हाई फ्लो नेजल कैनुला स्थापित हुए हैं। इसके साथ ही वेंटिमास्क का इस्तेमाल किया जाएगा। कोविड अस्पताल में आईसीयू के बेड बढ़ने के अनुपात में स्टाफ की कमी है।
इसके लिए एनएचएम से स्टाफ स्वीकृत हुआ है लेेकिन अभी किसी ने ज्वाइन नहीं किया है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि 20 आईसीयू के बेड और बढ़ने हैं। इसके वार्ड एक, दो, तीन और चार को तैयार किया जा रहा है। एक सप्ताह में इन्हें भी चालू कर दिया जाएगा।