फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: लापरवाही की भेंट चढ़े छात्र, मूल्यांकन को नहीं भेजीं कॉपियां, फिर से होगी परीक्षा

Sat, 08 Jun 2019 11:55 AM IST
शिखा पांडेय एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : गूगल
विज्ञापन
कानपुर स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज विवि से संबद्ध महाविद्यालय की वार्षिक परीक्षा में एक नोडल सेंटर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां परीक्षा खत्म होने के ढाई माह बाद दो बंडल उत्तर पुस्तिकाएं मिलीं हैं। नोडल सेंटर की इस लापरवाही का खामियाजा अब छात्रों को भुगतना पड़ेगा और संबंधित विषय की फिर से परीक्षा देनी होगी।
विज्ञापन


दरअसल, घाटमपुर के पुरुषोत्तम श्रीराम कॉलेज (केएन-127) पर हुई वार्षिक परीक्षा के लिए कैप्टन सुखवासी सिंह स्मारक जनता महाविद्यालय को नोडल केंद्र बनाया गया था। यहां से कई महाविद्यालयों में परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र, उत्तरपुस्तिका परीक्षा के दिन जातीं और परीक्षा के बाद यहीं जमा होती थीं। बताया जाता है कि नोडल केंद्र पर परीक्षा के बाद पुरुषोत्तम श्रीराम कॉलेज की उत्तर पुस्तिकाएं तो जमा कर दी गईं, लेकिन नोडल केंद्र ने उसे विश्वविद्यालय में नहीं जमा किया।
विज्ञापन

जब दो माह बाद सभी कॉलेजों के परिणाम जारी होने लगे और पुरुषोत्तम श्रीराम कॉलेज में हुई परीक्षाओं के परिणाम जारी नहीं हुए तो छात्र परेशान हो गए। कॉलेज प्रशासन ने विवि से संपर्क किया तो मालूम हुआ कि उनकी उत्तर पुस्तिकाएं ही नहीं पहुंची हैं। इसपर कॉलेज प्रशासन ने नोडल केंद्र पर संपर्क किया, तो मालूम हुआ कि दो बंडल उत्तर पुस्तिकाएं अभी भी वहीं पड़ी हैं। यह बात फैली तो विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया। उत्तर पुस्तिकाओं में हेरफेर की आशंका भी जताई जा रही है।

विवि के एक अधिकारी का कहना है कि अक्सर यह तब होता है, जब परीक्षा केंद्र से नोडल केंद्र पहुंची उत्तर पुस्तिकाओं में अदला-बदली की जाती है। यहां भी यही परिस्थिति लग रही है। ऐसे में जो उत्तर पुस्तिकाएं अभी मिलने की बात बताई जा रही है, उनकी जांच हो और इन छात्रों की दोबारा परीक्षा कराई जाए। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है। इसमें जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी। अब उत्तर पुस्तिकाओं को स्वीकार करना उचित नहीं है। कुलपति के समक्ष पूरे प्रकरण को प्रस्तुत किया जाएगा, इसके बाद कोई फैसला होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें