कानपुर के चकेरी के सुभाष रोड में रविवार देर शाम नशेबाजी के विरोध पर हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी को आग लगा दी। नशे में पहुंचे पति को देखकर पत्नी ने खुद पर केरोसिन छिड़क लिया और पति से कहा कि शराब छोड़ो या उसे आग लगा दो। इस पर पति ने जलती तीली महिला पर फेंक दी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को हैलट में भर्ती कराया गया है। वहीं चकेरी इंस्पेक्टर का कहना है कि महिला ने खुद आग लगाई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सुभाष रोड निवासी वैन चालक पत्नी और दो बेटियां व एक बेटे के साथ रहता है। बेटी (13) के मुताबिक पापा अक्सर शराब पीकर आते हैं। इस पर झगड़ा होता है। रविवार शाम को भी पापा शराब पीकर घर आए तो मां से विवाद हो गया। इसके बाद मां ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क लिया। पापा से कहा कि अगर तुम शराब नहीं छोड़ सकते तो उन्हें आग लगा दो। इस पर पापा माचिस की तीली जलाकर इधर उधर फेंकने लगे। मां ने दोबारा कहा तो उन पर जलती तीली फेंक दी।