कानपुर के बांसमंडी के पांच काॅम्प्लेक्स में लगी आग चार दिनों में बुझने के बाद अब एक-दो दिन में व्यापारियों के हुए नुकसान की भरपाई को लेकर तेजी से काम किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार बुधवार या गुरुवार में इंश्योरेंस विभाग के अधिकारियों को बुलाकर वहां एक लिस्ट तैयार कराई जाएगी, जिससे जिनका इंश्योरेंस क्लेम बनता है तो उसे जल्दी दिलाया जा सके।
इसी तरह आग लगने की घटना के बाद से इस क्षेत्र की सेंट्रल स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क और मूलगंज से डिप्टी पड़ाव जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद है, इसे भी अगले 24 घंटे में आम लाेगों के लिए खोलने का फैसला लिया जाएगा। जले हुए कॉम्प्लेक्सों को गिराया जाएगा या फिर उसकी मरम्मत कराई जाएगी, इसका फैसला आईआईटी विशेषज्ञों की ओर से की गई जांच के बाद लिया जाएगा। आईआईटी की रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की संभावना है। इसी तरह अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में एक टीम व्यापारियों के हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटी है।