कानपुर देहात। मनोयोग, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा करें। प्रशिक्षण काल में अर्जित ज्ञान, कौशल और मूल्य आपके पूरे पुलिस जीवन की नींव बनेंगे। ये बातें बुधवार को पुलिस लाइन माती में आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने रिक्रूट आरक्षियों से कहीं।
एसपी ने सभी को उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करने, कानून के प्रति निष्ठा रखने और जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहने की शिक्षा भी दी। सम्मेलन में प्रशिक्षुओं ने अपने प्रशिक्षण के अनुभवों को खुलकर साझा किया। जिसमें उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और अपनी अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला। एसपी ने प्रशिक्षुओं की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुछ व्यवस्थागत सुधारों पर भी अपने विचार रखे।
एसपी ने प्रशिक्षण अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे रिक्रूट आरक्षियों के अनुभवों को गंभीरता से लें। उन्होंने प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी तथा अनुकूल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया। कहा कि यह सम्मेलन पुलिस के संवेदनशील और संवादपूर्ण प्रशासनिक दृष्टिकोण को प्रदर्शित करता है। इससे न केवल प्रशिक्षुओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि एक पारदर्शी और जिम्मेदार प्रशासनिक संस्कृति के निर्माण में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।