पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर तहसील में शनिवार को जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शिकायतें सुनीं। बिना बंटवारे की भूमि पर सह खातेदार द्वारा निर्माण कराए जाने की मवईमुक्ता निवासी गोपाल शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने पेट पर गीता का सार लिखा पत्र चिपका रखा था। फरियाद करते हुए कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई है। चकबंदी अधिकारी भी नहीं सुन रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने मामले में जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
मवई मुक्ता निवासी गोपाल शुक्ला ने बताया कि उसकी पैतृक भूमि थनवापुर में है। जहां चकबंदी चल रही है लेकिन सह खातेदार अवैध निर्माण करा रहे है। जिसकी शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में करने पर अधिकारियों ने कब्जेदारों को निर्देश दिए कि बिना बंटवारा के निर्माण कार्य नहीं कराया जा सकता। इसके बावजूद भी निर्माण कार्य शुरू करा दिया। उसने जिलाधिकारी को बताया कि पूर्व में शिकायतें की गई लेकिन सभी में गोलमोल रिपोर्ट लगा दी गई। जबकि सह खातेदारों ने 12 जनवरी से फिर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
वहीं, राजेंद्र नगर पुखरायां के बृजेश द्विवेदी ने बताया कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के द्वारा नालियों का कूड़ा आवास के सामने खाली प्लाट में डालते हैं। बदबू से लोग बीमार हो रहे हैं। जिसकी सूचना अधिकारियों को दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। गोपालपुर गांव के जयकरन सिंह ने बताया कि घरेलू विद्युत बिल का बकाया जमा करने के बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है। पुखरायां विद्युत कार्यालय में सूचना देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। सिथरा बुजुर्ग गांव के हरिओम ने बताया कि दो माह पूर्व धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया था। अभी तक धान की तौल नहीं हुई है। कई बार केंद्र प्रभारी से पूछा तो बताते हैं कि गोदाम खाली नहीं है। जब खाली होगा तब धान की तौल हो सकेगी।
इस तरह दिवस में कुल 76 शिकायतें आई। जिनमें सिर्फ पांच शिकायतों का ही निस्तारण कराया जा सका। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समय से किया जाए। भूमि विवाद में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम पहुंचकर निस्तारण करे। प्रतिदिन सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय में 10 से 12 बजे तक जन सुनवाई कर शिकायत रजिस्टर में दर्ज करें। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एसडीएम देवेंद्र सिंह, तहसीलदार प्रिया सिंह, नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश और अभिनव चतुर्वेदी, सीओ संजय वर्मा, डीएफओ एके पांडेय, सीएमओ एके सिंह, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, मलासा बीडीओ संजय कनौजिया, नगर पालिका ईओ अजय कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
.........................
खेतों से निकली विद्युत लाइन के जर्जर तार, हादसे का डर
चैन का पुरवा के मजरा नगसिया निवासी रामबाबू ने बताया कि खेतों से विद्युत लाइन निकली है। जिसके जर्जर तार हो गए हैं। इनमें स्पार्किंग हाेती रहती है और टूटते भी रहते हैं। जिससे हादसे का डर बना रहता है। कृषि कार्य करने में परेशानी होती है। फसल का भी नुकसान हो सकता है। जिसकी शिकायत बीते संपूर्ण दिवस में किए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
...................
फरियादियों ने रोया दुखड़ा, निस्तारण का मिला आश्वासन
कानपुर देहात। मैथा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शनिवार को एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एएसपी राजेश पांडेय ने शिकायतें सुनीं। यहां राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला भी पहुंची। 48 शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें से एक भी शिकायत निस्तारित नहीं हो सकी। अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र यादव के साथ कई अधिवक्ताओं ने पहुंच कर तीन सूत्री ज्ञापन राज्यमंत्री को सौंपा। अधिवक्ताओं ने बताया कि कल्याणपुर बैरी मार्ग से तहसील मोड़ पर शोभन सरकार के नाम का स्वागत द्वार बनाया जाए। तहसील मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने के साथ सोलर लाइटों के लगवाए जाने की मांग की गई। राज्यमंत्री ने अधिवक्ताओं की मांग पर पीडब्ल्यूडी जेई को ब्रेकर बनवाए जाने के निर्देशित किया। यहां एसडीएम राजकुमार पांडेय, तहसीलदार सुनील कुमार, नायब तहसीलदार अनुरुद्ध सिंह, बीडीओ संजू सिंह, अधिवक्ता देवेंद्र त्रिपाठी, जनार्दन यादव, शिव वीर चौहान आदि रहे।
वहीं, डेरापुर तहसील सभागार में एसडीएम सुरभि शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। दिवस में 52 शिकायती प्रार्थना पत्र आए। इसमें से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी शिकायतें संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेजी गई। सिकंदरा में एसडीएम प्रद्युम्न कुमार, तहसीलदार राकेश चंद्रा ने शिकायतें सुनीं। 61 फरियादियों ने शिकायत दर्ज कराई। अकबरपुर तहसील दिवस में 83 शिकायतें दर्ज हुई। अधिकारियों ने सभी शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। रसूलाबाद में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत सिंह मौर्य ने शिकायतें सुनीं। 100 शिकायत दर्ज हुई जिसमें दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां एसडीएम सर्वेश कुमार सिंह, तहसीलदार संतोष कुमार सिंह, सीओ आलोक सिंह, नायब तहसीलदार हरिशंकर वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी अजब सिंह आदि रहे।