कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिला प्रशासन, कृषि विभाग व किसानों की मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, मुख्य सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त सहित कृषि वैज्ञानिकाें के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई।
इस दौरान शासन स्तर से अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान किसानों ने सीएम को अपनी समस्याएं बताई।
बुधवार को कलेक्ट्रेट के वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कृषि मंत्री राजीव कुमार सिंह, मुख्य सचिव आलोक रंजन, कृषि उत्पादन आयुक्त आनंद मिश्रा, प्रमुख सचिव कृषि अमित मोहन प्रसाद सहित कृषि वैज्ञानिकाें के साथ सीडीओ, एडीएम, उपकृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित किसानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई। मुख्यमंत्री पहली बार किसानों से सीधे रूबरू हुए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान किसानों ने सीएम को अपना दर्द सुनाया। सरवनखेड़ा कस्बे के किसान उदयवीर ने सीएम को दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि खरीफ व रबी में नियत समय के बाद भी बैंकर्स किसानों की फसली बीमा करते हैं।
लेकिन उनकी प्रीमियम राशि बीमा कंपनी को नहीं भेजी जाती है और न ही काटा गया पैसा किसानों को लौटाया जाता है। सीएम ने प्रमुख सचिव से समस्या समाधान के निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों को किसानों व आम लोगाें की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी राजकुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिवशंकर गुप्ता, उपकृषि निदेशक रमाकांत तिवारी, जिला कृषि अधिकारी रामसजीवन, सहित दो दर्जन से अधिक किसान मौजूद रहे।