भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री की नई डस्टर गाड़ी को टक्कर मारने के विवाद के बाद गालीगलौज और मारपीट का मामला अब पार्टी हाईकमान तक पहुंच गया है। सामाजिक न्याय मोर्चा के निवर्तमान उपाध्यक्ष पवन सविता का कहना है कि उन्होंने अपने अपमान और मारपीट मामले में शिकायत पत्र पार्टी की प्रदेश और राष्ट्रीय इकाई को फैक्स किया है।
सोमवार को क्षेत्रीय संगठन मंत्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव की डस्टर गाड़ी में टक्कर लगने की आशंका से उनके ड्राइवर ने पवन से मारपीट की। आरोप है कि फिर क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने भी उन्हें जमकर गालियां दीं। इस घटना के बाद पवन और उनके साथ मौजूद रहे अजय वर्मा को पद से हटा दिया गया था।
भाजपा के संगठन मंत्री जैसे शीर्ष पद पर होने के बावजूद अपने कार्यकर्ताओं और छोटे पदाधिकारियों के साथ मारपीट, गाली गलौज करने की घटना की दिन भर चर्चा रही।
पार्टी के महानगर और क्षेत्रीय कार्यालय के अलावा शहर के अन्य स्थानों पर भी इसे लेकर लोगों ने अपने-अपने तर्क दिए। लेकिन कोई भी सामने आकर कुछ भी कहने से कतराता रहा। पूरे दिन पवन सविता के पास किसी पदाधिकारी का फोन भी नहीं आया। पवन ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर से इसकी शिकायत उच्च पदाधिकारियों को भेज दी है।
मैं पिछले कई दिन से कन्नौज में पार्टी के एक डेलीगेशन के साथ था। अखबार के जरिए खबर पता चली। यहां से तो कोई बात नहीं पाई है। बुधवार को मैं कानपुर आऊंगा तो इस मामले में सभी पक्षों से बातचीत की जाएगी। फिर देखेंगे कि क्या हो सकता है।
- बालचंद मिश्र, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भाजपा