सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में कानपुर की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी दिसंबर की रिपोर्ट में 10 अंकों का सुधार करते हुए 8.49 अंक हासिल कर जिला 54वें स्थान पर पहुंच पाया। नवंबर में 64वां स्थान मिला था। सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज दिव्यांग पेंशन, मातृत्व-शिशु एवं बालिका योजना, ओडीओपी वित्त पोषण, बिजली, शिक्षा, सड़क निर्माण, सामूहिक विवाह, आवास और जल जीवन मिशन जैसी अहम योजनाओं के मूल्यांकन में दिसंबर में जिला 33वें स्थान पर रहा।
नवंबर में यह रैंकिंग 59वीं थी। यानी 26 रैंक का सुधार जरूर हुआ। जिले की सबसे कमजोर कड़ी राजस्व कार्य साबित हो रहे हैं। स्मार्ट सिटी मिशन, हाउस टैक्स वसूली, सरकारी कर राजस्व और कुल राजस्व प्राप्ति समेत 68 परियोजनाओं के मूल्यांकन में कानपुर दिसंबर में 63वें स्थान पर ही रहा। नवंबर में भी यही स्थिति थी। अक्तूबर में जिला 62वें और सितंबर में 71वें स्थान पर था। ये आंकड़े सीएम डैशबोर्ड में अंकों और रैंकिंग में हुआ मामूली सुधार जिला प्रशासन के लिए राहत से ज्यादा चेतावनी हैं।