कानपुर। लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर सोमवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक, एडी बेसिक, डीआईओएएस, डायट व जीआईसी में कार्यरत लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय चुन्नीगंज में धरना दिया गया। यहां पर कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगे जल्द पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
धरने के बाद यूपी एजूकेशन मिनिस्ट्रियल ऑफीसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजेश कुमार वर्मा को ज्ञापन दिया। मंडल अध्यक्ष ललितेश तिवारी ने बताया कि प्रदेश स्तर पर संगठन के लंबित 19 सूत्री मांग पत्र के समर्थन में विभाग एवं शासन स्तर पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
इससे निदेशक के अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत लिपिक संवर्गीय कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने जल्द मांगें पूरी करने की मांग की। धरना में बृज किशोर यादव, जिलाध्यक्ष आनंद कमल उत्तम, जिला मंत्री सुरेश कमल, रजनीश श्रीवास्तव, कंचन पाल, प्रतिभा सचान, प्रिया मधानी, अशोक मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।