चित्रकूट जिले के मानिकपुर सीएचसी में तानाशाही का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ा। 51 संविदा कर्मियों का मानदेय काटने से खफा कर्मचारियों ने हड़ताल कर ओपीडी में ताला लगा दिया। अस्पताल में इलाज के लिए आई महिलाएं बेंच पर बैठी इंतजार करती रहीं। एक महिला की हालत बिगड़ी, तो परिजन उसे ई-रिक्शा में बैठाकर प्राइवेट अस्पताल ले गए।
एएनएम सुमन सिंह, अंजू देवी, आरती गुप्ता और लक्ष्मी ने बताया कि सीएचसी में 51 संविदा कर्मी हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी मनोज सोनकर ने बिना नोटिस, बिना कारण सभी का अक्टूबर माह का मानदेय काटने की रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी। जब हम पूछने गए, तो गाली देकर भगा दिया। कर्मचारियों ने बताया कि इसके पीछे बीपीएम का हाथ है।