चित्रकूट जिले की सीमा से सटे बांदा जिले के बदौसा थाना अंतर्गत एक गांव के दो युवकों ने अपने ही गांव की एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद बाइक से चित्रकूट जिले के गढ़ी घाट गांव के पास सड़क किनारे बेसुध किशोरी को फेंककर भाग गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। किशोरी को इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। पिता ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता के पिता ने बताया कि गांव के दो युवक उसकी बेटी को बहला फुसला कर बृहस्पतिवार की शाम बाइक से ले गए थे।
काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। गांव के दो युवकों ने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाइक से लाकर गढ़ी घाट के पास मृत समझकर फेंक गए। किशोरी को बेहोशी हालत में देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल, अपर एसपी प्रकाश स्वरूप पांडेय व सीओ रजनीश यादव पहाड़ी पुलिस टीम के साथ पहुंचे।
पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया और उन्हें जानकारी दी। गंभीर दशा के चलते डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर किया है। थाना प्रभारी सुशील चंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।