चित्रकूट में क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : amar ujala
चित्रकूट के मानिकपुर कस्बे में कोरोना वायरस से संक्रमित के संदेह पर मंगलवार को 15 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं। लॉकडाउन के उल्लघंन पर तीन लोगों खिलाफ मामला दर्ज किया गया । 17 क्वारंटीन लोगों को शेल्टर होम से उनके गांव भेजा गया है। मंगलवार को पहले भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट नहीं आ सकी। चार दिन के अंदर जिले से कुल 107 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं।
जिनकी रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। पुलिस लाइन में कानपुर से लौटे एक फाॅलोवर को डयूटी करने से रोककर पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच कराई गई। उसको होम क्वारंटीन कराया गया है। जिले में अभी तक कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज नहीं मिला है। जिले में डीआईजी दीपक कुमार, डीएम शेषमणि पांडेय व एसपी अंकित मित्तल ने बरगढ़, मानिकपुर शिवरामपुर, भरतकूप क्षेत्र के अस्थाई होम क्वारंटीन स्थलों पर जाकर ठहरे लोगों से बातचीत की।
अब तक जिले में 117 वाहन व 231 से अधिक लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लघंन की कार्यवाही हो चुकी है। मंगलवार को जिले के शेल्टर होम में रहने वाले ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। डीएम शेषमणि पांडेय ने खुद जाकर उनसे भोजन वितरण की जानकारी ली। सदर तहसील क्षेत्र के शेल्टर होम से 17 लोगों को उनके गांव भेेजा गया है।