खदान में पहाड़ धसने में जेसीबी ऑपरेटर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
खनन के दौरान गोंडा पहाड़ का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। इससे पोकलैंड समेत ऑपरेटर दब गया, जबकि तीन मजदूर बाल-बाल बच गए। हादसे की जानकारी होते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुुंचा। लगभग आठ घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन से पोकलैंड और ऑपरेटर को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक ऑपरेटर की मौत हो चुकी थी, पोकलैंड भी चकनाचूर हो गई। मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी में पट्टा संचालक भाजपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भरतकूप थाना क्षेत्र के बजनीपुरवा स्थित गोंडा पहाड़ पर पत्थर की तोड़ाई होती है। रविवार की सुबह लगभग चार बजे पहाड़ पर खनन के दौरान इसका एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इससे पोकलैंड समेत ऑपरेटर बांदा के अतर्रा क्षेत्र के तेरा निवासी राकेश निषाद (25) दब गया, जबकि अन्य ऑपरेटर उमेश और तीन मजदूर बाल-बाल बच गए। लोगों की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। पट्टाधारक पर लापरवाही का आरोप लगाकर नारेबाजी करने लगे।