चित्रकूट जिले में संदिग्ध परिस्तिथियो में युवक का रेलवे ट्रैक किनारे नग्न अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र के आर्य नगर कस्बे का है। युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं। बताया जा रहा है कि मोहर्रम के जलूस में शराब के नशे में उत्पात मचाने पर पुलिस युवक को थाने ले गई थी। मृतक युवक के पुलिस अभिरक्षा में होने के बाद रेलवे ट्रैक में शव मिलने से पुलिस पर सवाल खड़े हुए। पीड़ित परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा लिखने की मांग को लेकर कस्बे में परिजनों ने जाल लगाया।
थाना प्रभारी समेत चार निलंबित
मानिकपुर कस्बे के आर्य नगर निवासी अंशू की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाने में जाकर सभी की क्लास ली। मृतक के भाई राकेश ने बताया कि मानिकपुर थाने के प्रभारी समेत मौजूद सभी दरोगा व सिपाहियों ने उसके भाई को पीटा इससे उसकी मौत हो गई। फोन पर बातचीत में मानिकपुर के दरोगा ने बताया था कि उसके भाई को सुबह छोड़ा जाएगा। इसी आधार पर प्रभारी विनोद शुक्ला समेत डयूटी पर मौजूद सभी दरोगा व सिपाहियों के खिलाफ धारा 127(2), 103 (1) व 238 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम जांच के आधार पर थाना प्रभारी विनोद शुक्ला, हेड कांस्टबिल वीर सिंह, कांस्टेबल प्रमोद पासवान व अंकित राजपूत को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।