सीएचसी का भाजपा सांसद ने किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले में सदर विधायक की गोद ली हुई सीएचसी का मंगलवार को भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने निरीक्षण किया। गंदगी के अंबार मिलने के साथ स्टोर में एक्सपायर दवाएं भी रखीं मिलीं। 45 में से 39 कर्मचारी गायब थे। सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी को चार्ज से हटा दिया। फार्मासिस्ट को संबद्ध करने के साथ निलंबन की संस्तुति की दी है।
भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने बढ़पुर ब्लाॅक की सीएचसी बरौन का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने कमरे में भरी दवाओं का स्टॉक देखा तो भारी मात्रा में एक्सपायर दवाएं मिलीं। इसमें कई प्रकार की जांच किट, इंजेक्शन व महंगी दवाएं भी शामिल थीं। लाखों की तादाद में कैल्शियम व आयरन की गोलियां भी रखी थीं। वर्ष 2020 से जून 2024 तक की एक्सपायरी दवाएं देख सांसद दंग रह गए। उन्होंने वार्ड देखे तो जगह-जगह गंदगी के अंबार मिले। शौचालय, वॉश बेसिन में भी गंदगी की भरमार थी। उन्होंने सीएचसी प्रभारी से पूछा कि कुल कितने कर्मचारी हैं।
बताया गया कि 45, जबकि मौके पर डॉक्टर सहित मात्र छह कर्मचारी ही मौजूद थे। सांसद ने उपस्थिति रजिस्टर देखा तो गायब कर्मचारियों के भी हस्ताक्षर मिले। सीएचसी की बदहाली देख सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को मामले की जानकारी दी। जानकारी पर सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार व एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम ने मौके पर जाकर हकीकत देखी। बड़ी मात्रा में एक्सपायर दवाएं मिलने पर उन्होंने फार्मासिस्ट संजीव शाक्य को हटाकर अपने कार्यालय से संबद्ध कर लिया।
वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ.अनुनय कुटार को चार्ज से हटा दिया। विदित है कि सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी ने सीएचसी बरौन को गोद लिया है। उन्होंने गत माह सीएचसी का निरीक्षण भी किया था। इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि लापरवाही बरतने में सीएचसी प्रभारी डॉ.अनुनय कुटार से एमओआईसी का चार्ज हटाकर डॉ.अनुराग कुशवाहा को दे दिया है। एक्सपायरी दवाएं मिलने पर फार्मासिस्ट संजीव शाक्य को कार्यालय से संबद्ध कर उसके निलंबन के लिए डीजी को पत्र भेजा है। स्वीपर को चेतावनी देकर उसका वेतन रोक दिया है। गायब 39 कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा। इसके साथ ही सीएचसी के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ.दीपक कटारिया से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।