डेरापुर। नगर पंचायत डेरापुर में कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे अधिशासी अधिकारी के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष के पति व देवर ने अपने साथियों के साथ अभद्रता की। मामले में उच्चाधिकारियों को जानकारी देने के बाद ईओ ने डेरापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट दर्ज कराते हुए केके सिंह यादव ने बताया कि शासन ने उनकी तैनाती अधिशासी अधिकारी के पद पर डेरापुर नगर पंचायत में की है। बुधवार को वह निदेशक नगरीय निकाय निदेशालय लखनऊ के आदेश पत्र के साथ योगदान आख्या देने व कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यालय में अध्यक्ष पति अंसार अली व उनके भाई असगर अली अध्यक्ष के कार्यालय में मौजूद थे। वहां पर चार पांच और लोग भी थे। अध्यक्ष के कमरे में उन्हें बुलाया गया। मगर अध्यक्ष के न होने पर वह नहीं गए। आरोप लगाया कि इसी बात से नाराज अध्यक्ष पति व उनके भाई ने मौजूद लोगोंं के साथ गाली गलौज कर अभद्रता की। साथ ही धमकी दी गई। इधर अधिशासी अधिकारी ने अध्यक्ष पति के साथ हुए विवाद की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। थानाध्यक्ष डेरापुर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद समेत चार अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।