इस बार भी सीबीएसई दसवीं के परिणाम में छात्राओं ने परचम लहराया है। बीते सात वर्षों से छात्रों की तुलना में अधिक छात्राएं पास हो रही हैं। इस साल 99.32 फीसदी छात्राएं अव्वल रहीं तो 95.53 फीसदी छात्रों ने बाजी मारी है।
इतना ही नहीं सिटी के चार टॉपरों में तीन छात्राएं हैं। सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर की तीन छात्राओं तविशी अग्रवाल, नव्या अग्रवाल और श्वेता अग्रवाल को 99.80 फीसदी अंक मिले हैं। 95 फीसदी से अधिक अंक पाने में भी छात्राएं आगे हैं।
साल छात्र छात्राएं
2014 95.21 98.11
2015 96.43 98.65
2016 97.23 99.45
2017 98.75 99.07
2018 90.56 94.32
2019 95.89 98.13
2020 94.27 95.90
बोले प्रिंसिपल
10वीं का परिणाम 12वीं से काफी बेहतर गया है। इस बार छात्रों को बेहतर अंक मिले हैं। हालांकि मेधावी खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि परीक्षाएं होती तो तस्वीर दूसरी होती। छात्रों को मोटिवेट किया है, ताकि आगे की पढ़ाई के लिए दोगुनी ऊर्जा से जुट जाएं।
-सौमित्र दुबे, सीईओ, दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन
परीक्षाओं को लेकर बच्चों और शिक्षकों में काफी उत्साह था। हालांकि परीक्षाएं न होने से छात्र नाराज थे और अब परिणाम से मायूस हो गए हैं। छात्रों का कहना है कि अगर परीक्षा देते तो इससे बेहतर कर सकते थे।
-डॉ. संत राम द्विवेदी, प्रधानाचार्य, जय नारायण विद्या निकेतन
परिणाम से मेधावी बेहद मायूस हो गए हैं। उनका कहना है कि अगर पेपर होते तो इससे काफी बेहतर अंक आते। छात्रों का कहना है कि पूरे साल की मेहनत खराब हो गई। मेधावियों के साथ उनके शिक्षकों में भी निराशा है, जिन्होंने पूरे साल बच्चों के साथ मेहनत की।
- अनुराग विज, निदेशक, द चिंटल्स स्कूल