कानपुर जिला प्रशासन के रिकार्ड रूम से गायब 173 असलहा लाइसेंस फाइलों की जांच अब सीबीसीआईडी करेगी। एसआईटी की संस्तुति पर डीएम और डीआईजी ने रिपोर्ट शासन को भेज दी है। वहां से आदेश आते ही जांच शुरू हो जाएगी।
पिछले दिनों यह पता चला था कि रिकार्ड रूम से विकास दुबे, पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलरानी वरुण समेत 173 असलहा लाइसेंस की फाइलें गायब हैं। जिला प्रशासन की ओर से तत्कालीन असलहा लिपिक विजय रावत के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
एसआईटी से इस मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने की संस्तुति के बाद अब शासन का पत्र आने पर जिला प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई। एडीएम सिटी अतुल कुमार ने बताया कि शासन के पत्र पर डीआईजी ने सीबीसीआईडी जांच की संस्तुति कर दी है।