हरदोई जिले के टड़ियावां में महिला से जेवर की ठगी करने वालों ने दूसरी जगह पहुंच धार्मिक कार्यक्रम के नाम पर चंदा मांगा तो पकड़े गए। मौके पर पहुंची महिला ने तीनों ठगों को पहचान पुलिस के हवाले कर दिया। थाना क्षेत्र के ग्राम खेरवा दलौली निवासी अब्दुल्ला पुत्र भग्गा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 दिसंबर को उसकी बहू साहिबा घर में अकेली थी।
इस बीच तीन लोग घर पर आए और खुद को धार्मिक स्थल का प्रतिनिधि बता बहू को बरगलाकर झाड़फूंक करने लगे। मौका मिलने पर आरोपियों ने कमरे में अलमारी पर रखी सोने की अंगूठी व सोने का ठप्पा लगा माला उठा लिया और फरार हो गए।
अब्दुल्ला ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली की गांव जलालनगर में कुछ लोग खुद को धार्मिक स्थल का बाबा बताकर चंदा मांग रहे हैं। इस पर वह बहू के साथ मौके पर पहुंचे तो बहू ने तीनों ठगों को पहचान लिया। उसने ग्रामीणों की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजू अहमद उर्फ रेहान पुत्र अब्दुल हमीद, बिलाल पुत्र नूरुद्दीन व सद्दाम पुत्र निब्बर निवासी ग्राम भरथा कला सिरसिया जनपद श्रावस्ती बताया। अब्दुल्ला ने बताया कि आरोपियों के पास से अंगूठी, सोने का माला, 400 रुपये, तीन मोबाइल व एक बाइक मिली है। एसओ संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।