-पुलिस लाइन में बैठक को संबोधित करतीं आईजी लक्ष्मी सिंह, साथ में एसपी अनुराग वत्स। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। लखनऊ जोन की आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पंचायत चुनावों को लेकर पुलिस अभी से सक्रियता दिखाए। असामाजिक तत्वों को हर हाल में पाबंद किया जाए। उन्होंने महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में आईजी लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पंचायत चुनावों की सरगर्मी तेज हो गई है। ग्रामीण इलाकों में इसको लेेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। कानून व्यवस्था से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने जनपद में पंचायत चुनाव के मद्देनजर अब तक हुई निरोधात्मक कार्यवाई की सराहना कर सक्रियता बनाए रखने को कहा। बैठक में 2018 और 2019 की लंबित विवेचनाओं का निस्तारण जल्द करने के निर्देश भी आईजी ने दिए।
विवेचना निस्तारण में अच्छे कार्य पर मिला पुरस्कार
नगर क्षेत्र की समीक्षा में दो माह में 492 लंबित विवेचनाओं का निस्तारण किए जाने पर आईजी ने खुशी जताई। विवेचना निस्तारण में सबसे अच्छा कार्य करने पर शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक सुभाष कुमार और देहात कोतवाली के उपनिरीक्षक विनोद कुमार द्विवेदी को 2100-2100 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी की। बैठक में एसपी अनुराग वत्स, दोनों अपर पुलिस अधीक्षक, सभी सीओ और थाना व कोतवाली प्रभारी भी मौजद रहे।
सिपाही हो, बंदूक तो पकड़ना आना चाहिए
आईजी लक्ष्मी सिंह पहले पुलिस विभाग के गेस्टहाउस पहुंचीं। यहां उन्हें सलामी देने के लिए गारद तैयार थी। सलामी लेने के बाद उन्होंने गारद की अगवानी कर रहे सिपाही से सलामी के दौरान बंदूक सही न पकड़ने की बात कही। इसके बाद सिपाही को बंदूक पकड़ने का तरीका भी बताया। कहा कि वर्ष 2018 बैच के सिपाही हो, कम से कम बंदूक सही से पकड़ना आना चाहिए।