झींझक। गाली देने का विरोध करने पर संविदा सफाई को तमंचे से गोली मारने के मामले में पुलिस ने चार के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं घायल का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है।
कस्बा के गांधीनगर मोहल्ले में बुधवार को नगर पालिका का संविदा सफाई कर्मी सुशील उर्फ रिंकू अपने घर के बाहर बैठा था। तभी पड़ोस में रहने वाला नगर पालिका का ठेका सफाई कर्मी राधे बाइक से निकला और सुशील के घर के पास पड़ी मौरंग में फिसल गया। जिसके बाद राधे गालीगलौज करने लगा। सुशील ने इसका विरोध किया तो राधे ने पहले मारपीट की।
बाद में घर से तमंचा लाकर उसके पेट में गोली मार दी। बचाने पहुंचे भतीजे योगेंद्र को तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया और फरार हो गया। परिजनों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से सुशील उर्फ रिंकू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और बाद में कानपुर के हैलट रेफर कर दिया गया।
वहां पर उसका इलाज हो रहा है। गुरुवार को घायल के भतीजे सोनू की तहरीर पर मंगलपुर पुलिस ने राधे, उसके भाई छोटू, गोविंद व पिता जयराम के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।