सचिन और सोनी के जब एक होने का जब समय आया तो किस्मत उनसे रूठ गई। एक साथ जीने का सपना संजोया था, मगर एक साथ उनकी अर्थियां उठीं। दोनाें शव देखकर हर किसी की आंखें भर आई।
गमगीन परिवार को लोग ढांढस बंधाते रहे। बिधूना के नवीन बस्ती निवासी सीबीआई में लिपिक पद पर लखनऊ में तैनात रहे सचिन और पड़ोस में रहने वाली सोनी प्रजापति में प्रेम प्रसंग था।
काफी समय से वह शादी की तैयारियों में जुटे थे। दोनों परिवार भी इस फैसले से खुश थे और दोनों की शादी के लिए नौ दिसंबर की तिथि तय की थी। रविवार को सचिन अपनी मंगेतर के साथ शादी की खरीदारी के लिए कानपुर गए थे।
लौटते समय कानपुर देहात के शिवली के पास हादसे में दोनों की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई। सोमवार को दोनों का एकसाथ कन्नौज घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।