क्रशर व्यापारी को गोली मारने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
महोबा में कबरई के क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी के मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें व्यापारी इंद्रकांत के साले बृजेश शुक्ला को आशू नाम का युवक धमका रहा है। वायरल ऑडियो में युवक धमकी भरे लहजे में इंद्रकांत त्रिपाठी के साले बृजेश से कह रहा है कि मैं आशू बोल रहा हूं, तुम्हारे जीजा जी इंद्रकांत कहां है।
बताओ जल्दी कहां है, राजा साहब नाराज हो जाएंगे। जहां पर हों तत्काल बात करें। पता कर लो अच्छी बात है, नहीं पता कर रहे हो तो समझ रहे हो न, बाकी मुझेे आशू भदौरिया कहते हैं। इंद्रकांत का पता करो कहां है, कितना बड़ा अरबपति है, लगाओ फोन।
हालांकि यह ऑडियो घटना से पहले का माना जा रहा है। इसमें इंद्रकांत के फोन न उठाने पर उसके साले को धमकी देकर बात करने का दबाव बनाया जा रहा है। वायरल ऑडियो में राजा साहब से बात करने की बात कही जा रही है।
राजा साहब का इशारा कहीं तत्कालीन अफसर की तरफ तो नहीं है। बृजेश शुक्ला का कहना है कि इंद्रकांत को गोली लगने से दो घंटे पहले उनके मोबाइल पर कॉल आई थी। इसमें बात करने के लिए कहा गया था।