सिकंदरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में रविवार रात प्रधान पर गैर इरादतन हत्या व छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। नौ जून को महिला घर के पास एक पेड़ पर दुपट्टे से लटकी मिली थी। पति ने उसे गंभीर हालत में अकबरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद सैफई में उपचार के दौरान 19 जून की रात उसकी मौत हो गई थी। रविवार शाम उसका शव घर आने पर पति ने प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए थे।
एक गांव के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह गांव के बाहर झोपड़ी बना पत्नी व दो नाबालिग बच्चों के साथ रहता है। ग्राम सभा का नव निर्वाचित प्रधान पत्नी से अवैध संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। नौ जून की शाम पत्नी शौच जाने की बात कहकर घर से निकली इसके बाद काफी देर नहीं लौटी। खोजबीन में घर के पास ही बबूल के पेड़ में वह दुपट्टे से लटकी मिली। उसके पैर जमीन पर थे।
मृतका के पति ने मौके से प्रधान को भागते हुए देखने की बात कही। पति ने महिला को अकबरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन आराम न मिलने पर सैफई मेडिकल कॉलेज ले गया। वहां 19 जून को महिला की मौत हो गई। 20 जून को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव आए। इसकी जानकारी पर सीओ सिकंदरा रविकांत गौर व इंस्पेक्टर विद्यासागर सिंह ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की।
सोमवार को शव का अंतिम संस्कार कराया। सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर प्रधान इंद्रपाल कठेरिया के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।