कानपुर के काकादेव में एक किशोरी ने एक युवक पर धर्म छिपाकर दोस्ती करने व दुष्कर्म का आरोप लगा केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पॉक्सो, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर लिखकर जांच शुरू की है। काकादेव निवासी किशोरी ने इलाके में रहने वाले सनी पर कुछ समय पहले दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था।
फिर कुछ दिन बाद सनी पर चाकू मारने का आरोप लगाया था। दोनों मामले की विवेचना पुलिस कर रही है। अब किशोरी ने उसके दोस्त गोलू खान पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक सनी के जरिये वो गोलू को जानती थी। उसने अपना नाम राज बताया था। मगर उपनाम खान छिपा लिया था।
उसको नहीं पता था कि गोलू मुस्लिम है। इसलिए उससे दोस्ती की। आरोप है कि गोलू ने उसका दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लिया। जब उसको हकीकत का पता चला तो उसने गोलू से दूरी बनाई। बाद में गोलू उसको बदनाम करने की धमकी दे ब्लैकमेल करने लगा। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी केसों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।