कानपुर देहात के रसूलाबाद में दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। इससे शादी की तैयारी में जुटे परिजनों में हड़कंप मच गया। माल का पुरवा गांव की प्रधान के पति ने दूल्हे, उसके पिता, मां व बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रधान सीमा देवी के पति शिवमंगल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने बहन मालती देवी की शादी कन्नौज के इंदरगढ़ के सकतपुर निवासी राघवेंद्र उर्फ राहुल से तय की थी।
राघवेंद्र व उसका परिवार वर्तमान में राजस्थान के जयपुर में सुनीता कॉलोनी थाना सांगानेर में रहता है। 21 मार्च को बहन की वरीक्षा जयपुर में जाकर की थी। वहीं, 22 अप्रैल को राघवेंद्र, उसके पिता राजेंद्र, मां सुनीता देवी व गुरसहायगंज कन्नौज निवासी बहन सोनी देवी समेत कई लोग गांव आए और गोद भराई व रिंग सेरेमनी की।
इसके बाद शादी की तारीख 20 जून तय की गई। वहीं, शुक्रवार की रात दूल्हे के पिता ने फोन कर दहेज में 13 लाख रुपये की कार की मांग की। मांग पूरी न कर पाने की बात कही तो उन्होंने शादी से इनकार कर दिया। साथ ही राजस्थान आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।