आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम अरौल स्थित फूड प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार तीन सपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लाल साहब यादव (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुरेंद्र यादव और रविंद्र चौरसिया (35) को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।
अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मूड़ाडिहा, पूरा बाजार निवासी सुरेंद्र यादव अपने साथी लाल साहब यादव और रौनाई थाना क्षेत्र के सलारपुर निवासी रविंद्र चौरसिया के साथ सोमवार सुबह इटावा के सैफई गए थे। तीनों सपा कार्यकर्ता बताए गए हैं। वहां सांसद धर्मेंद्र यादव से मुलाकात करने के बाद शाम को कार से घर लौट रहे थे। कार सुरेंद्र यादव चला रहे थे।
अरौल फूड प्लाजा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद तीनों कार में फंस गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।