इटावा। कांधनी स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में भारतीय मानक ब्यूरो नोएडा शाखा की ओर से कार्यशाला हुई। छात्रों को बताया गया कि कोई भी उत्पाद खरीदने से पहले हॉलमार्क का चिह्न जरूर देख लें।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य डॉ. निर्मल चंद्र बाजपेई और रिसोर्स पर्सन एमके सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की। भारतीय मानक ब्यूरो के रिसोर्स पर्सन ने स्टैंडर्ड क्लब क्रियाकलाप के तहत छात्रों को बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो राष्ट्रीय मानक निर्धारित करने वाली संस्था है। यह उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीन कार्य करती है। पहले इसका नाम भारतीय मानक संस्थान था। इसकी स्थापना सन् 1947 में हुई थी। बीआईएस (बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स) उत्पाद प्रमाणन योजना उपभोक्ताओं को उत्पाद की गुणवत्ता का आश्वासन दिलाती है, जो राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं।
उन्होंने बच्चों को बताया कि प्रत्येक उत्पाद पर निर्धारित चिह्न होता है। हॉलमार्क, आईएसआई, पीएफओ, एगमार्क क्रमशः सोने-चांदी की वस्तुओं, इलेक्ट्रानिक, मसालों आदि पर प्रयोग किए जाते हैं। अगर किसी उत्पाद पर इनमें से कोई मार्क बना है तो इसका मतलब खरीदी गई वस्तु मानकों पर खरी है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि उपभोगितावादी युग में हमें सजग रहने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रत्येक उपभोक्ता को अपने मोबाइल पर बीआईएस केयर एप डाउनलोड कर लेना चाहिए।
कार्यशाला के अंत में मानक लेखन प्रतियोगिता कराई गई। इसमें कक्षा 10 के अंशमन प्रथम, कक्षा 12 के सहदेव को दूसरा व कक्षा 10 के आदित्य दुबे और कक्षा 12 के सोहिल खान को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। इस दौरान सोनी यादव, रामकृपाल, अभिषेक भास्कर, मेघा सिंह, पुष्पराज सिंह, राकेश कुमार, अर्चना यादव, संगीता प्रजापति, कुमकुम यादव, नीलम, आदित्य आदि मौजूद रहे।