बीमारी से परेशान व्यापारी ने खुद को गोली मारी, लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में तीन साल से रीढ़ की बीमारी से परेशान किराना व्यापारी ने शनिवार सुबह अपनी लाइसेंसी बंदूक को सीने में सटाकर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर घर वाले पहुंचे तो खून से लथपथ पड़ा शव मिला। सीओ और कोतवाल ने जांच करने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस कई बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है। किराना व्यापारी रामकुमार की क्षेत्र में अलग पहचान थी। आत्महत्या की खबर जैसे ही लोगों को मिली घर पर तांता लग गया। चंदनपुर गांव के अलावा आसपास गांवों के लोगों की भीड़ लग गई। रामकुमार के व्यवहार की सभी सराहना कर रहे थे। उनके व्यवहार के चलते कटरी क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी।
बारासगवर थानाक्षेत्र के गांव पाही के मजरा चंदनपुर निवासी रामकुमार शुक्ल उर्फ पुत्तन (50) घर पर किराना की दुकान करते थे। तीन साल पहले घर में सीढ़ियों से गिरने से कमर में काफी चोट आ गई थी। रीढ़ की हड्डी में दिक्कत होने से लगातार इलाज चल रहा है। बेटा आशुतोष और पत्नी भी व्यापार में उनका सहयोग करतीं थी। डाक्टरों ने रीढ़ के आपरेशन की सलाह दी थी लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे कमरे में टंगी लाइसेंसी बंदूक उतारी और छत पर जाकर सीने में सटाकर खुद को गोली मार ली। आवाज सुनकर पत्नी, बेटा व बेटी पहुंची तो रामकुमार की मौत हो चुकी थी। सीओ उमेश त्यागी व बारासगवर व बीघापुर एसओ फोर्स के साथ पहुंचे और जांच की। मृतक की पत्नी के अलावा बच्चों में तीन बेटियां व एक बेटा है। बेटी स्वीटी व प्रीती की शादी हो चुकी है। बेटा आशुतोष व बेटी गायत्री अविवाहित हैं। रामकुमार आठ भाइयों में सातवें नंबर का था।
सीओ उमेश त्यागी ने बताया कि जांच के दौरान बीमारी के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आई है। बेटे ने यही तहरीर भी दी है। बंदूक को कब्जे में लिया गया है। अन्य बिंदुओं पर भी घटना की जांच की जा रही है शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तफ्तीश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।