नौकरी से हटकर खुद का स्टार्टअप या बिजनेस शुरू करने की चाहत रखने वालों के लिए खुशखबरी है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में छह मार्च से तीन दिवसीय उद्यमिता का महाकुंभ ‘उत्थान: अ स्टार्टअप निर्माण’ एग्रीप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव आयोजित होगा।
‘अमर उजाला’, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग उत्तर प्रदेश की पहल पर आयोजित इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ कृषि एवं कृषि शिक्षा मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) लखनऊ के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक होंगे। समारोह की अध्यक्षता सीएसए के कुलपति प्रो. सुशील सोलोमन करेंगे। समारोह में देश भर के कई बड़े विशेषज्ञ शिरकत करेंगे जो कृषि और तकनीक के क्षेत्र में उद्यमिता के लिए टिप्स देंगे। यही नहीं इस विशेष कॉन्क्लेव में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के कई बड़े विशेषज्ञ युवाओं और ग्रामीणों को प्रदेश व केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता हासिल करने का तरीका भी बताएंगे।
प्रतीकात्मक फोटो
बीस करोड़ तक का मिलेगा फंड
उत्थान कॉन्क्लेव के तहत स्टार्टअप पिच का भी आयोजन होगा। इसमें वेंचर कैटेलिस्ट सहित कई बड़ी इन्वेस्टमेंट कंपनियां शिरकत करेंगी। इन निवेशकों के सामने आपको अपना आइडिया पेश करने का मौका मिलेगा। आइडिया पसंद आने पर कंपनी की तरफ से स्टार्टअप शुरू करने के लिए बीस करोड़ रुपये तक का फंड दिया जाएगा।
वेंचर कैटेलिस्ट के ग्लोबल मैनेजिंग डायरेक्टर विनायक नाथ ने बताया कि एग्रो स्टार्टअप, हेल्थ स्टार्टअप, फूड प्रोडक्शन आदि के क्षेत्र में जो स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए अच्छा मौका है। इस पिच में चयनित होने वाली अच्छी स्टार्टअप कंपनियों को बीस करोड़ रुपये तक का फंड भी दिया जाएगा।
प्रतीकात्मक फोटो
बिजनेस प्लान प्रतियोगिता का भी आयोजन
इस विशेष कॉन्क्लेव में स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए विशेष बिजनेस प्लान प्रतियोगिता व टेक्निकल इनोवेशन एग्जीबिशन का आयोजन किया जाएगा। इसमें सर्वश्रेष्ठ आइडिया और तकनीक को लाखों रुपये के इनाम दिए जाएंगे।
प्रदर्शनी में जानिए सरकारी योजनाओं की जानकारी
उत्थान एग्रीप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव के तहत एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें आप विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। इस प्रदर्शनी में आपको खुद का बिजनेस शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता कैसे मिल सकती है, इसकी भी जानकारी दी जाएगी।