फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र के मलांव और चकीवा के बीच रविवार की शाम सराफा की गोली मारकर स हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाश गोली मारकर भाग गए। परिजनों ने लूट का आरोप लगाया है। उधर, सरेशाम घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। एसपी प्रशांत वर्मा और एडिशनल एसपी राजेश कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना के खुलासे के आदेश दिए हैं।
मलांव गांव निवासी जीतपाल मौर्य (43) गांव से करीब एक किमी दूर चकीवा चौराहे पर सराफा की दुकान चलाते थे। रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे सराफा दुकान बंद करके साइकिल से अपने घर जा रहे थे। चकीवा चौराहा और मलांव गांव के बीच पुलिया पर बाइक सवार दो बदमाशों ने सराफा को ओवरटेक कर कनपटी में गोली मार दी। गिरने के बाद बदमाशों ने कनपटी पर दूसरी गोली मारी।
इससे सराफा की मौके पर मौत हो गई। फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण भागते हुए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी प्रशांत वर्मा और एडिशनल एसपी राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। एसपी ने मामले के खुलासे के निर्देश दिए। साराफा की पत्नी रीता देवी ने लूट के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
एसपी ने बताया कि मलांव गांव के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, लेकिन फिलहाल यह पता चला है कि संबंधित व्यक्ति इससे पहले रायबरेली जिले के लालगंज में सराफा की दुकान चलाता था। वहां से किसी कारणवश दुकान बंद करके गांव चला आया था। मामले का बहुत जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मच्र्युरी में रखवाया है।